साथियो!
आज 'लेमन ट्री होटल, सेक्टर 60, गुरुग्राम' में 'नेशनल सी.एस.आर. मीट फॉर स्कूल एजुकेशन' (विद्यांजलि) (National CSR Meet for School Education (Vidyanjali) शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार (स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग)' द्वारा आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता का सुअवसर प्राप्त हुआ।
सर्वप्रथम उद्घाटन सत्र में कार्यक्रम की शुरुआत पंजीकरण, स्वागत संबोधन, लाइव पोर्टल डेमो और विद्यांजलि कार्यक्रम के दृष्टिकोण (Vision) एवं प्रभाव पर चर्चा के साथ हुई।
तकनीकी सत्र की शुरुआत में विभागीय अधिकारियों द्वारा विद्यांजलि कार्यक्रम में CSR module के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
तत्पश्चात एस.बी.आई. दिल्ली, मुथूत फाइनेंस, रिलैक्सो फुटवियर्स और भारती एयरटेल जैसे प्रमुख संगठनों/संस्थानों के प्रतिनिधियों द्वारा अपने सीएसआर अनुभव साझा किए गए.
इसके अतिरिक्त आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, मिजोरम और दिल्ली (यूटी) के प्रतिनिधियों द्वारा अपने-अपने राज्यों में विद्यांजलि के क्रियान्वयन एवं नवाचारों (Innovations) पर प्रस्तुतियाँ दी गईं।
चाइल्ड फंड इंडिया, SARD इंडिया, इंस्पायरिंग सीनियर्स फाउंडेशन (ISF) और ईटीआई फाउंडेशन जैसी क्रियान्वयन एजेंसियों (Implementing Agencies) ने भी अपने कार्यों की प्रस्तुति दी।
इसमें हमारे प्रेसिडेंशियल अवॉर्डी टीचर फोरम (PATF) की भी विशेष सहभागिता रही।
कार्यक्रम के अंतिम क्षणों में प्रेसिडेंशियल अवॉर्डी टीचर फोरम (PATF) के सभी उपस्थित सदस्यों श्री बृजेश जादौन (दिल्ली)
- श्री सुरेंद्र सिंह (दिल्ली)
- श्री बृजेश जादौन (दिल्ली)
- श्रीमती सुमन गोयल (दिल्ली)
- श्री गोविंद शर्मा (जम्मू-कश्मीर)
- श्री सत्यपाल सिंह (हरियाणा)
को मंच पर आमंत्रित किया गया। श्री बृजेश जादौन ने PATF के गठन की आवश्यकता और इसके मुख्य उद्देश्यों को संक्षेप में सभी के समक्ष रखा। उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ाने के लिए मिलकर बेहतर कार्य करने और आपसी सहभागिता का आह्वान करते हुए वहाँ उपस्थित सभी को हृदयपूर्वक आमंत्रण दिया। फोरम के अन्य उपस्थित सदस्यों को भी अपने विचार रखने का अवसर मिला, जिससे कार्यक्रम में एक अनूठा शैक्षणिक दृष्टिकोण जुड़ा।
ऐसा प्रतीत हो रहा है कि हमारा प्रेसिडेंशियल अवॉर्डी टीचर फोरम (PATF) एक नवांकुर से धीरे-धीरे एक पल्लवित एवं सुरभित पौधे का स्वरूप ले रहा है। यह गरिमामय अवसर प्रदान करने हेतु PATF के समस्त पदाधिकारियों का हार्दिक आभार!
कार्यक्रम के दौरान PATF सदस्यों ने उपस्थित विभिन्न NGOs और कॉर्पोरेट प्रतिनिधियों से व्यक्तिगत रूप से वार्ता की। PATF की प्राथमिकताओं और विज़न से प्रभावित होकर कई प्रमुख NGOs ने फोरम के साथ जुड़कर कार्य करने में गहरी रुचि दिखाई।
आयोजन स्थल 'लेमन ट्री होटल' की भव्यता, प्रशासनिक व्यवस्थाएँ एवं व्यवस्थापकों का आतिथ्य अत्यंत सराहनीय रहा। प्रतिभागियों के लिए भोजन, चाय-पान और अन्य बैठकों के प्रबंध इतने उत्कृष्ट व सुव्यवस्थित थे कि सभी उपस्थितजनों ने दिल से इसकी भूरि-भूरि प्रशंसा की। इस सुखद वातावरण ने संवाद और नेटवर्किंग के अनुभव को और भी यादगार बना दिया।
सारांशित रूप में कह सकते हैं कि यह कार्यक्रम सीएसआर (CSR) के माध्यम से स्कूली शिक्षा को सशक्त बनाने, हितधारकों के बीच नेटवर्किंग और विद्यांजलि कार्यक्रम के भविष्य के रोडमैप को तय करने में अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायक रहा।
आप सभी के साथ इसे साझा करने का मेरा उद्देश्य यह है कि आप विद्यांजलि पोर्टल पर न केवल स्वयं का पंजीकरण करवाएँ, अपितु अधिकाधिक लोगों को इस पावन मुहिम का हिस्सा बनाएँ और राष्ट्र निर्माण के पवित्र यज्ञ में अपनी आहुति दें।
'आइए! सब मिलकर शिक्षा को पूरे समाज का सरोकार बनाएँ।'
सभी साथियों को मेरा सादर नमस्कार।
जैसा कि कल की मीटिंग में हम PATF की ओर से शामिल हुए थे, वहाँ हमें विभिन्न NGOs के संपर्क नंबर भी हमें प्राप्त हुए, जिन्हें इस ग्रुप में साझा किया गया है। मेरा सभी साथियों से अनुरोध है कि इन NGOs से विद्यांजलि पोर्टल के माध्यम से संपर्क करके अपने-अपने स्कूलों को और अधिक लाभान्वित करें। विशेष रूप से *Inspiring Seniors Foundation* के माध्यम से वरिष्ठ नागरिक स्कूलों में आकर बच्चों को पढ़ाने में सहयोग देते हैं। यदि आपके स्कूल में शिक्षकों की कमी है, तो यह एक अच्छा विकल्प हो सकता है।
इसके अतिरिक्त, कुछ NGOs बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के संसाधन (Assets), शिक्षण सामग्री एवं अन्य आवश्यक वस्तुएँ भी डोनेट करते हैं। इनकी जानकारी एवं संपर्क नंबर ग्रुप में साझा किए गए हैं। आइए, हम सभी मिलकर विद्यांजलि के इस बेहतरीन प्लेटफॉर्म का अधिकतम उपयोग करें और विभिन्न NGOs के सहयोग से अपने स्कूलों को और बेहतर, समृद्ध एवं बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सक्षम बनाएँ।
- Suman Goel NAT 2026 Delhi